Sunday 14 December 2014

अभिनव अरुण को ‘’आगमन साहित्य सम्मान‘’

          आगमन वार्षिक सम्मान समारोह रविवार दिनांक 23 नवम्बर 14 को कैलाश हॉस्पिटल, नोएडा के प्रेक्षागृह  में आयोजित किया गया | कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ० केशरी लाल वर्मा (चेयरमैन, तकनीकी एवं वैज्ञानिक शब्दावली आयोग एवं निदेशक, केंद्रीय हिंदी निदेशालय, नई दिल्ली) ने की  तथा "काव्य-संध्या" सत्र की अध्यक्षता मशहूर शायर डॉ० गुलज़ार देहलवी एवं वरिष्ठ साहित्यकार प्रो० लल्लन प्रसाद ने की। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ० मधुप मोह्टा (वरिष्ठ साहित्यकार एवं भारतीय विदेश सेवा) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सर्वश्री लक्ष्मी शंकर बाजपेई (उपमहानिदेशक, आकाशवाणी, नई दिल्ली), डॉ० हरि सुमन विष्ट (सचिव, हिंदी अकादमी, दिल्ली), डॉ० रमा सिंह (वरिष्ठ गीतकार एवं कवयित्री) एवं आलोक यादव (क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त, बरेली) उपस्थित रहे। इस अवसर पर आकाशवाणी वाराणसी में वरिष्ठ उद्घोषक एवं युवा ग़ज़लकार अभिनव अरुण को साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए ‘’आगमन साहित्य सम्मान २०१४‘’ प्रदान किया गया इस अवसर पर 4 पुस्तकों एवं 1 एल्बम का लोकार्पण भी  हुआ। देशभर से 20 से अधिक कवि-कवयित्रियों व साहित्यकारों को सम्मानित किया गया तथा 70 से अधिक रचनाकारों ने काव्यपाठ किया। कार्यक्रम का सञ्चालन लोकप्रिय गीतकार डॉ० अशोक मधुप, आकाशवाणी उदघोषिका सुश्री अल्पना सुहाषिनी एवं
हास्य व्यंग्य कवयित्री सुश्री बलजीत कौर ने किया। कार्यक्रम का संयोजन आगमन समूह के संस्थापक एवं संयोजक श्री पवन जैन एवं श्री एम० के० चोपड़ा द्वारा किया गया। श्री मनोज कामदेव ने सभी आए हुए अतिथियों, साहित्यकारों, कवियों एवं पत्रकारों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
                                                                       -       
अभिनव अरुण

माँ


- राम दत्त मिश्र अनमोल

सपने में माँ मिलती है।
कली हृदय की खिलती है।।

करुणा की है वो मूरत,
आँसू देख पिघलती है।

सुखी रहे मेरा जीवन,
नित्य मनौती करती है।

बिठा के मुझको गोदी में,
सौ-सौ सपने बुनती है।

उसकी तो नाराजी भी,
आशीषों-सी फलती है।

नहीं किसी के दल में है,
नहीं किसी से जलती है।

भटक न जाऊँ कभी कहीं,
थाम के अँगुली चलती है।

दुख-तम हरने को  ‘अनमोल’,
दीप सरीखी जलती है।।

‘सारांश समय का’ लोकार्पण समारोह एवं काव्य गोष्ठी

जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय, दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन केंद्रमें 'शब्द व्यंजना' और 'सन्निधि संगोष्ठी' के संयुक्त तत्वाधान में 'सारांश समय का' कविता-संकलन का लोकार्पण समारोह एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया.


कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसून लतांत ने की, जबकि लक्ष्मी शंकर वाजपेयी मुख्य अतिथि एवं रमणिका गुप्ता, डॉ. धनंजय सिंह, अतुल प्रभाकर विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित थे. कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अरुण कुमार भगत थे तथा संचालन
महिमा श्री ने किया.
इस आयोजन में बड़ी संख्या में कवि, लेखक तथा साहित्य प्रेमी सम्मिलित हुए. कार्यक्रम दोपहर ढाई बजे से शाम सात बजे तक चला.
'सारांश समय का' कविता संकलन का संपादन बृजेश नीरज और अरुण अनंत ने किया है.  इस संकलन में अस्सी रचनाकारों की बेहतरीन कविताएँ सम्मिलित हैं जिसकी सराहना अतिथियों ने की. लक्ष्मी शंकर वाजपेयी ने कविताओं के चयन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संकलन हिन्दी साहित्य के लिए शुभ संकेत देता है. इसमें कई मुक्कमल कविताएँ हैँ. उन्होंने संकलन में सम्मिलित कई कविताओं का सस्वर पाठ कर रचनाकारों को प्रोत्साहित किया. 
उन्होंने कहा कि १२५ करोड़ के देश में अगर ८० लाख लोग भी यदि कवि हो जाएँ तो समाज बेहतर हो जाएगा.  कविता अभी संकट में हैकई विधाएँ लुप्त हो रही है उन पर भी काम होना चाहिए. वाचिक परम्परा समाप्त हो रही है, पहले एक शेर, एक कविता भी हलचल मचा देती थी. बिना साधन के जहाँ बिजली भी नहीं थी उस गाँव में भी कविता पढ़ी जाती थी. आज शब्दों की चाट परोसी जाती है.  हिन्दी में मंच पर हल्के स्तर की कविताऐं कही जाती हैं. एक अलग ही तरह का गणित है. गम्भीर रचनाकारों ने मंच से दूरी बना ली है. साहित्य का विघटन हुआ है. साम्प्रदायिकता पैदा की गई है. इससे कविता को बड़ा नुकसान हुआ है. उर्दू में ये बंटवारा नहीं है, मंच से दूरी नहीं है. निदा फ़ाज़ली ग़ज़ल पढ़ने मस्कट भी जाते हैं.


मुख्य वक्ता अरुण कुमार भगत का कहना था कि कविता अणु से अनंत की यात्रा है. कविता की विशेषता और लिखने से पहले की रचनाकारों की संवेदनाओं के घनीभूत होने की आवश्यकता के बारे में उन्होंने विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि कविता पाठक के सीधे ह्रदय तक पहुँचती है और हर पाठक अपनी तरह से उसकी अभिव्यंजना करता है. पाठक कविता के लिए तथ्य समाज से लेता है और स्वयं के साथ समाज को भी रचना के साथ जोड़ता है. कविता में जो असर और क्षमता है वह किसी अन्य विधा में नहीं है. कविता में जन समाज को आंदोलित करने की क्षमता है. स्वतंत्रता काल हो या आपातकाल कवियों ने अपनी लेखनी से समाज को झकझोरा भी और दिशा भी दी. समाज में व्याप्त संताप, पीड़ा, दुःख को कवियों ने बखूबी रेखांकित किया. उन्होंने कहा रचना सयास नहीं लिखी जाती है, ये उतरती है, माजिल होती है, प्रकट होती है. अपनी बात को विस्तार देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से जन-जीवन के कृष्णपक्ष को ही बड़ी संख्या में रेखांकित करने की परम्परा चल पड़ी है. देश और समाज में भोग गया यथार्थ इन रचनाओं में है पर अगर रचना को कालजयी करना है तो जीवन के शुक्लपक्ष को भी रेखांकित करना होगा.

रमणिका गुप्ता ने अपनी बात कहते हुए कहा आज जन सरोकार का चलन है उसी विषय को माध्यम बनाकर लिखा जाना चाहिए. लोगों तक आपकी बात पहुँचेगी, लोगों के विचारों में परिवर्तन आएगा. उन्होंने कहा मैं आदिवासीयों, पीड़ित दलितों और स्त्रियों के बीच उनके समस्याओं के निवारण के लिए लम्बे समय से काम कर रही हूँ आप भी इन सरोकारों को लेकर लिखें.
आयोजन दो सत्रों में चला. लोकार्पण सत्र में डॉ धनजंय सिंह, अतुल कुमार, लतांत प्रसून व संग्रह के सम्पादक द्वय बृजेश नीरज और अरुन अनंत ने भी अपनी बात रखी.


लोकार्पण के बाद काव्य गोष्ठी में कवि और कवियत्रियों ने उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति दी. आयोजन की उपलब्धि रही कि हर विधा में रचना पढ़ी गयी. गीत, नवगीत, ग़ज़ल, घनाक्षरी, कुंडलिया, अतुकांतपद्य की सभी प्रचलित विधाओं की रचनाएँ सुनी और सुनायी गईं. कार्यक्रम के अंत में किरण आर्या ने धन्यवाद ज्ञापन किया.

                                                                   - महिमा श्री


लघु कथा- रक्षा बंधन

अलीशा माँ की उँगली पकड़े लगभग घिसटती-सी चली जा रही थी। उसकी नजरें सड़क के दोनों ओर दुल्हन-सी सजी मिठाई और राखी की दुकानों पर टिकी थीं। 
दोनों जब पुष्पा दीदी के घर पहुँचे तो वहाँ भी रक्षा बंधन के पर्व पर जश्न का माहौल था। 
पुष्पा दीदी की पौत्री अंशिका जब अपने भाई अंशु की कलाई में रक्षा सूत्र बाँध रही थी तब कोने में शांत बैठी अलीशा के दिल में उठ रहे भावों को अंशु ने पढ़ लिया। अंशिका जब रक्षा सूत्र बाँध चुकी तो अंशु ने थाली में से एक रक्षा सूत्र उठाया और अलीशा को थमाते हुए अपनी कलाई उसकी ओर बढ़ा दी। 
अलीशा सकपकाते हुए बोली, “मैं मुसलमान....” 

अंशु बोला, “तुम और कोई नहीं सिर्फ और सिर्फ मेरी बहन हो!
- प्रदीप कुमार सिंह कुशवाहा 

Friday 12 December 2014

हाइकु गीत

रक्त रंजित
हो रहे फिर फिर
हमारे गाँव।

हर तरफ
विद्वेष की लपटें
हवा है गर्म,

चल रहा है
हाथ में तलवार
लेकर धर्म,

बढ़ रहें हैं
अनवरत आगे
घृणा के पाँव।

भय जगाती
अपरचित ध्वनि
रोकती पथ,

डगमगाता
सहज जीवन का
सुखद रथ,

नहीं मिलती
दग्ध मन को कहीं
शीतल छाँव।
--- त्रिलोक सिंह ठकुरेला 

राहुल देव - परिचय



राहुल देव
जन्म- 20 मार्च 1988
माता- श्रीमती मंजू श्रीवास्तव
पिता- श्रीप्रकाश
शिक्षा- एम.ए. (अर्थशास्त्र), बी.एड.
प्रकाशित– एक कविता संग्रह, पत्र-पत्रिकाओं एवं अंतरजाल मंचों पर कवितायें/लेख/ कहानियां/ समीक्षाएं आदि|
शीघ्र प्रकाश्य- एक बाल उपन्यास एक कविता संग्रह तथा एक कहानी संग्रह|
सम्मान- अखिल भारतीय वैचारिक मंच, लखनऊ तथा हिंदी सभा, सीतापुर द्वारा पुरुस्कृत|
रूचि- साहित्य अध्ययन, लेखन, भ्रमण
सम्प्रति- उ.प्र. सरकार के एक विभाग में कार्यरत|
संपर्क सूत्र- 9/48 साहित्य सदन, कोतवाली मार्ग, महमूदाबाद (अवध), सीतापुर, उ.प्र. 261203
मो.– 09454112975
ईमेल- rahuldev.bly@gmail.com

त्याग और समर्पण ही सच्चा प्रेम है

एक स्त्री का जब जन्म होता है तभी से उसके लालन-पालन और संस्कारों में स्त्रीयोचित गुण डाले जाने लगते हैं| जैसे-जैसे वह बड़ी होती है उसके
अन्दर वे गुण विकसित होने लगते हैं| प्रेम, धैर्य, समर्पण, त्याग ये सभी भावनाएँ वह किसी के लिए संजोने लगती है और यूँ ही मन ही मन किसी अनजाने-अनदेखे राजकुमार के सपने देखने लगती है और उसी अनजाने से मन ही मन प्रेम
करने लगती है| किशोरावस्था का प्रेम यौवन तक परिपक्व हो जाता है, तभी दस्तक होती है दिल पर और घर में राजकुमार के स्वागत की तैयारी होने लगती है| गाजे-बाजे के साथ वह सपनों का राजकुमार आता है, उसे ब्याह कर ले जाता है जो वर्षों से उससे प्रेम कर रही थी, उसे लेकर अनेकों सपने बुन रही थी|
उसे लगता है कि वह जहाँ जा रही है किसी स्वर्ग से कम नही, अनेकों सुख-सुविधाएँ बाँहें पसारे उसके स्वागत को खड़े हैं| इसी झूठ को सच मानकर
वह एक सुखद भविष्य की कामना करती हुई अपने स्वर्ग में प्रवेश कर जाती है| कुछ दिन के दिखावे के बाद कड़वा सच आखिर सामने आ ही जाता है| सच कब तक छुपा रहता और सच जानकर स्त्री आसमान से जमीन पर आ जाती है| उसके सारे सपने चकनाचूर हो जाते हैं| फिर भी वह राजकुमार से प्रेम करना नहीं छोड़ती| आँसुओं को आँचल में समेटती वह अपनी तरफ़ से प्रेम समर्पण और त्याग करती
हुई आगे बढ़ती रहती है| पर, आखिर कब तक? शरीर की चोट तो सहन हो जाती है पर हृदय की चोट नहीं सही जाती| आत्मविश्वास को कोई कुचले सहन होता है पर आत्मसम्मान और चरित्र पर उँगली उठाना सहन नहीं होता, वह भी अपने सबसे करीबी और प्रिय से| वर्षों से जो स्त्री अपने प्रिय के लम्बी उम्र के
लिए निर्जला व्रत करती है, हर मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे मत्था टेकती है, हर समय उसके लिए समर्पित रहती है, उसकी दुनिया सिर्फ और सिर्फ उसी तक होती है | एक लम्बी पारी बिताने के बाद भी उससे वह मनचाहा प्रेम नहीं मिलता है, न ही सम्मान तो वह बिखर जाती है| उसके सब्र का बाँध टूट जाता है और फिर उसका प्रेम नफरत
में परिवर्तित होने लगता है, फिर भी उस रिश्ते को जीवन भर ढोती है वह, एक बोझ की तरह|दूसरी तरफ़ क्या वह पुरुष भी उसे उतना ही प्रेम करता है? जिसके लिए एक स्त्री ने सब कुछ छोड़कर अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया| वह उसे जीवन भर
भोगता रहा, प्रताड़ित करता रहा, अपमानित करता रहा और अपने प्रेम की दुहाई देकर उसे हर बार वश में करता रहा| क्या एक चुटकी सिन्दूर उसकी माँग में
भर देना और सिर्फ उतने के लिए ही उसके पूरे जीवन उसकी आत्मा, सोच, उसकी रोम-रोम तक पर आधिकार कर लेना यही प्रेम है उसका? क्या किसी का प्रेम जबरदस्ती या अधिकार से पाया जा सकता है? क्या यही सब एक स्त्री एक पुरुष  के साथ करे तो वह पुरुष ये रिश्ता निभा पाएगा या बोझ की तरह भी ढो पाएगा इस रिश्ते को? क्या यही प्रेम है एक पुरुष का स्त्री से? नहीं, प्रेम उपजता है हृदय की गहराई से और उसी के साथ अपने प्रिय के लिए त्याग और समर्पण भी उपजता है| सच्चा प्रेमी वही है जो अपने प्रिय की खुशियों के लिए समर्पित रहे, न केवल सिर्फ छीनना जाने, कुछ देना भी जाने| वही सच्चा प्रेम है जो निःस्वार्थ भाव से एक-दूसरे के प्रति किया जाए, नहीं तो प्रेम का धागा एक बार टूट जाए तो लाख कोशिशों के बाद भी दुबारा नहीं जुड़ता उसमें गाँठ पड़ जाती है और वह गाँठ एक दिन रिश्तों का नासूर बन जाता है, फिर रिश्ते जिए नहीं जाते, ढोए जाते हैं एक बोझ की तरह| शायद इसीलिए रहीम
दास ने कहा है-
             
रहिमन धागा प्रेम का, मत तोरेउ चटकाय |
             
टूटे से फिर ना जुरै, जुरै गाँठ परि जाय ||


                                      - मीना पाठक
                                                                          कानपुर, उत्तर प्रदेश

केदार के मुहल्ले में स्थित केदारसभगार में केदार सम्मान

हमारी पीढ़ी में सबसे अधिक लम्बी कविताएँ सुधीर सक्सेना ने लिखीं - स्वप्निल श्रीवास्तव  सुधीर सक्सेना का गद्य-पद्य उनके अनुभव की व्यापकता को व्...